🔊
पाटी ब्लॉक प्रमुख पद पर शंकर अधिकारी की जीत तय मानी जा रही
(चंपावत)। पाटी ब्लॉक में भले ही ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सीधा मुकाबला हो, लेकिन क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के बड़े बेटे शंकर सिंह अधिकारी जीत के काफी करीब पहुंच चुके हैं। चालीस सदस्यीय पाटी क्षेत्र पंचायत में करीब 35 सदस्य शंकर के पक्ष में बताए जा रहे हैं। हालांकि भाजपा खेमे ने उन्हें क्लीन चिट देने से इनकार किया, जिसके चलते यहां चुनाव होना तय हो गया।
शंकर के पिता खुशाल सिंह अधिकारी वर्ष 2008 में पाटी के निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर वर्ष 2003 में चिल्निया से क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में शुरू हुआ था और वे ब्लॉक प्रमुख, दर्जा राज्य मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष से होते हुए वर्तमान में क्षेत्रीय विधायक हैं। इस लंबे अनुभव और लोकप्रियता का सीधा लाभ उनके पुत्र शंकर को मिल रहा है। सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक शंकर ने अपने पिता के साथ रहते हुए युवाओं में गहरी पकड़ बनाई है।
पनार घाटी को दिलाई नई पहचान
कभी कृषि और राजनीति दोनों में उपेक्षित रही पनार घाटी को अधिकारी बंधुओं ने नई पहचान दिलाई। विधायक अधिकारी के बड़े भाई दलीप सिंह अधिकारी के पुत्र आनंद सिंह अधिकारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में जिले के प्रथम नागरिक बनने तक का सफर तय किया। राजनीतिक समीकरणों में दिलचस्प बात यह है कि जहां विधायक खुशाल सिंह अधिकारी कांग्रेस से जुड़े हैं, वहीं उनके भतीजे भाजपा से सक्रिय हैं, जबकि अब शंकर का पाटी ब्लॉक प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा है।
(फोटो – शंकर सिंह अधिकारी)