🔊
कारगिल के वीरों को नमन, युवाओं से संवाद और 'मन की बात' का संदेश: नैनीताल जनपद में राष्ट्रभक्ति, युवा सशक्तिकरण और जनभागीदारी के दिखे विविध रंगशौर्य दिवस समारोह में कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
हल्द्वानी में धूमधाम से मनाया गया शौर्य दिवस, महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया शुभारंभ, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित।
कारगिल विजय की 27वीं वर्षगांठ पर हल्द्वानी में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा "शौर्य दिवस समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों एवं आम नागरिकों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले रणबांकुरों को नमन किया।
एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में वीर नारियों, वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। जयंती देवी, उमा देवी, अनीता कुमारी सहित कई वीरांगनाओं तथा नायक कैलाश चंद, सिपाही कृष्ण बहादुर राणा और नायक सूबेदार गंगा सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी रमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विकसित भारत @2047 की दिशा में युवाओं से संवाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'विकसित वाइब्रेंट विलेज' प्रतिभागियों से किया वर्चुअल संवाद
सीमांत गांवों के विकास, राष्ट्र निर्माण और युवा सहभागिता पर हुई चर्चा, नैनीताल के दो प्रतिभागियों ने साझा किए अपने अनुभव।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत द्वारा आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 245 जनपदों से चयनित 403 युवा प्रतिभागियों के साथ वर्चुअल संवाद किया। संवाद का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में युवाओं के अनुभवों को जानना तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में उनकी भूमिका पर चर्चा करना था।
जनपद नैनीताल से युवराज सिंह एवं पीयूष हरबोला ने इस संवाद में प्रतिभाग किया। उनके साथ माय भारत के स्वयंसेवक भी एनआईसी केंद्र, जिला कलेक्ट्रेट नैनीताल में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने सीमांत गांवों में रहकर ग्राम सभाओं में भागीदारी, ग्राम सर्वेक्षण, सामुदायिक गतिविधियों और ग्रामीण विकास से जुड़े अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। कार्यक्रम के बाद युवाओं ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
हल्द्वानी में सांसद अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम
मन की बात' को जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया, जनसमस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हल्द्वानी के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र स्थित मुखानी मंडल में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी मंच है, जो देशवासियों को सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
न्यूज़ रिपोर्टर: पुष्कर सिंह राजपूत
चीफ एडिटर: PSR उत्तर ध्वनि न्यूज़