🔊
खटीमा के वार्ड नंबर 20 में बदहाल सीसी मार्ग से जनता बेहाल, सड़क निर्माण की मांग तेज
खटीमा। विकास के दावों के बीच खटीमा नगर के वार्ड नंबर 20 स्थित जय ईस्ट देव कॉलोनी (3 नंबर भुजिया बर्फ फैक्ट्री मार्ग) की तस्वीरें हकीकत बयां कर रही हैं। कॉलोनी के घरों तक पहुंचने वाला मुख्य सीसी मार्ग लंबे समय से बदहाल पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 13 मार्च 2025 से लगातार सड़क निर्माण की मांग संबंधित विभाग के समक्ष उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने सड़क की मरम्मत या निर्माण की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अब स्थानीय लोग क्षेत्र के विधायक भुवन कापड़ी और संबंधित अधिकारियों से मांग कर रहे हैं कि इस जर्जर सीसी मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या से उन्हें राहत मिल सके।
वहीं, इस मामले में संबंधित विभाग और विधायक का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।