🔊
अब ऑनलाइन होगा फार्मासिस्टों का पंजीकरण, स्वास्थ्य मंत्री ने की शुरुआत
देहरादून। उत्तराखंड में अब फार्मासिस्टों का पंजीकरण, नवीनीकरण, पंजीकरण स्थानांतरण और एनओसी जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल में इस सुविधा का शुभारंभ किया।
काउंसिल के रजिस्ट्रार के.एस. फर्स्वाण ने बताया कि अब तक यह सभी कार्य ऑफलाइन होते थे, जिससे दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों के फार्मासिस्टों को देहरादून आना पड़ता था। ऑनलाइन प्रणाली से समय और धन दोनों की बचत होगी और फार्मासिस्ट घर बैठे अपना काम कर सकेंगे।
सेवाएं www.ukpcouncil.org पर उपलब्ध हैं, जहां पंजीकरण से लेकर शुल्क भुगतान और आवेदन की स्थिति ट्रैक करने तक की सभी सुविधाएं एक ही पोर्टल पर मिलेंगी।
वर्तमान में 27,860 पंजीकृत फार्मासिस्ट इस नई व्यवस्था का लाभ ले सकेंगे। उत्तराखंड डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री, महानिदेशक और रजिस्ट्रार का आभार जताया है।