🔊
नैनीताल में सुशासन, सुरक्षा और शिक्षा पर बड़ा फोकस सड़क सुरक्षा से महिला सुरक्षा तक प्रशासन सक्रिय, कालाढूंगी शिविर में 165 शिकायतों का निस्तारण, शिक्षा सुधार के लिए मंत्री कैड़ा की पहल
हल्द्वानी। नैनीताल। नैनीताल जनपद में शनिवार को प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। एक ओर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सड़क सुरक्षा, स्मार्ट मीटर, आपदा तैयारी और महिला सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए, वहीं कालाढूंगी में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर में 165 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर 410 लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिक्षा मंत्री से मिलकर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा और शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग उठाई।
तीनपानी बाईपास पर हादसे रोकने के लिए सख्त कदम
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में तीनपानी बाईपास पर एलईडी स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, कैमरे और रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रॉन्ग साइड और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान, वाहन सीज और भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा।
कालाढूंगी शिविर में 165 शिकायतों का मौके पर समाधान
'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' अभियान के तहत कालाढूंगी में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर में 190 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 165 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर से 410 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹25 हजार की सहायता राशि और पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।
भारी बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के भारी वर्षा अलर्ट के बाद जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव दलों को 24 घंटे तैयार रखने के निर्देश दिए। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की गई।
स्मार्ट मीटर पर उपभोक्ताओं को राहत
विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उपभोक्ता अपने पुराने मीटर को चेक मीटर के रूप में रख सकते हैं और पूरी संतुष्टि के बाद ही उसे हटाया जाए। साथ ही लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा के लिए 'मास्टर ट्रेनर्स' तैयार होंगे
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की ओर से हल्द्वानी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में महिला सुरक्षा, वन स्टॉप सेंटर, कानूनी सहायता, साइबर अपराध और पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास पर प्रशिक्षण दिया गया। महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि पीड़ित महिलाओं को केवल न्याय ही नहीं, बल्कि मानसिक संबल और सुरक्षित वातावरण भी देना होगा।
शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए मंत्री कैड़ा की पहल
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देहरादून में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात कर पतलोट राजकीय महाविद्यालय में संस्कृत एवं भूगोल विषय शुरू करने, एमए की कक्षाएं संचालित कराने, प्राचार्य की नियुक्ति, शिक्षकों के रिक्त पद भरने तथा रामगढ़ महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कई विद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की भी मांग की।