🔊
ऑपरेशन प्रहार: एसपी रेखा यादव की सख्ती रंग लाई, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की टीम ने अवैध शराब की भट्टी ध्वस्त की
चम्पावत। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी टीम ने बाराकोट क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके से 36 लीटर कच्ची शराब, शराब बनाने के उपकरण, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई, जबकि लगभग 500 लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
एसपी रेखा यादव की सख्त कार्यशैली का असर
जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस अधीक्षक रेखा यादव की जीरो टॉलरेंस नीति लगातार प्रभावी साबित हो रही है। उनके स्पष्ट निर्देशों के बाद पुलिस और एसओजी लगातार अभियान चलाकर नशे के कारोबार पर शिकंजा कस रही है। हाल के दिनों में हुई लगातार कार्रवाइयों से अवैध कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।
एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की टीम ने दिखाई तत्परता
क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम कामा ज्यूला भेंटी गधेरा, बाराकोट में दबिश दी। टीम ने बिना किसी चूक के कार्रवाई करते हुए आरोपी देव सिंह अधिकारी उर्फ दीपक (52 वर्ष) को अवैध कच्ची शराब बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 36 लीटर कच्ची शराब, 25 खाली टिन के कनस्तर, एक इंडियन गैस सिलेंडर, बड़ा गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम का भगोना, स्टील का पतीला, एक वीवो मोबाइल फोन और 3,800 रुपये नकद बरामद किए। वहीं शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया करीब 500 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना लोहाघाट में आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।