🔊
चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बदरीनाथ धाम में एक दिन में पहुंचे 5,168 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, अब तक 15 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं बदरीविशाल के दर्शन
चमोली। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। सावन माह और अनुकूल मौसम के बीच देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल और श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन चमोली द्वारा जारी यात्रा बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में श्री बदरीनाथ धाम में 5,168 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि यात्रा शुरू होने से अब तक 15,13,491 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।
बदरीनाथ धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
पिछले 24 घंटों में बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं में 2,928 पुरुष, 1,963 महिलाएं तथा 277 बच्चे शामिल हैं। धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
हेमकुंड साहिब में भी उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सिख समुदाय के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं की भारी आमद देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटों में 2,111 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। वहीं यात्रा सत्र में अब तक 2,03,808 श्रद्धालु यहां दर्शन कर चुके हैं।
576 वाहन पहुंचे धाम, अधिकांश मार्ग खुले
यात्रा बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों में 576 वाहन बदरीनाथ धाम पहुंचे। यात्रा आरंभ होने से अब तक 1,78,566 वाहन यात्रा मार्गों से होकर धाम पहुंच चुके हैं। जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और जिला मार्ग सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। केवल दो ग्रामीण मार्गों पर अस्थायी बाधा दर्ज की गई है, जिन्हें खोलने के लिए संबंधित विभाग लगातार कार्य कर रहा है।
यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अनिवार्य पंजीकरण कराएं, मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें तथा यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों के सहयोग से ही यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सकता है।
आस्था, व्यवस्था और सुरक्षा का सफल संगम
चारधाम यात्रा में प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि भगवान बदरीविशाल और हेमकुंड साहिब के प्रति लोगों की आस्था पहले की तरह अटूट बनी हुई है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
मुख्य संवाददाता : पुष्कर सिंह राजपूत
मुख्य संपादक, PSR उत्तर ध्वनि न्यूज़
चमोली। देहरादून
उत्तराखंड