🔊
चंपावत की 6 बड़ी खबर। चम्पावत-लोहाघाट महायोजना 2041 पर 21 जुलाई को होगी महत्वपूर्ण बैठक
चम्पावत और लोहाघाट महायोजना–2041 (प्रारूप) को लेकर 21 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में महायोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ आमजन, विभागों और हितधारकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। महायोजना में चम्पावत नगर सहित कई गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव है।
जल संचय, जन भागीदारी अभियान से जल संरक्षण को मिलेगा नया आयाम
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद की 127 ग्राम पंचायतों में चाल-खाल, रिचार्ज पिट, चेकडैम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचय कर भूजल स्तर बढ़ाना तथा चम्पावत को जल सुरक्षित जनपद बनाना है। बैठक में चौड़ी पत्ती वाले पौधों के अधिकाधिक रोपण और संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया।
चम्पावत समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चम्पावत सहित उत्तराखंड के कई जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों के दौरान कई स्थानों पर तेज गर्जना, आकाशीय बिजली, आंधी और भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
झालाकुड़ी में लगा जनसेवा शिविर, 473 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत ग्राम पंचायत झालाकुड़ी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 473 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में 47 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के समापन पर जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
बेलखेत में खड़ी JCB में लगी भीषण आग, फायर यूनिट ने पाया काबू
बेलखेत क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक JCB मशीन में देर रात अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में JCB पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बनबसा में स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 4.93 ग्राम हेरोइन बरामद
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने चेकिंग के दौरान नेपाल निवासी 22 वर्षीय युवक को 4.93 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी गई। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
रिपोर्ट : पुष्कर सिंह राजपूत
PSR उत्तर ध्वनि न्यूज़
चम्पावत, उत्तराखंड