🔊
भिंगराड़ा में विकास कार्यों को मिल रहा शासन-प्रशासन का पूरा सहयोग, भ्रामक प्रचार से बचें: ग्राम प्रधान गीता भट्ट
चम्पावत,
ग्राम पंचायत भिंगराड़ा की ग्राम प्रधान श्रीमती गीता भट्ट ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन के सहयोग से ग्राम पंचायत निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है।
ग्राम प्रधान ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के सकारात्मक सहयोग से ग्राम पंचायत में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया है। इन प्रयासों से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए ग्राम पंचायत में महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं और ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
इस दौरान ग्राम प्रधान ने कुछ अराजक तत्वों पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक एवं आधारहीन खबरें प्रसारित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर यह प्रचारित किया जा रहा है कि भिंगराड़ा में नैनीताल बैंक मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य बिना प्रशासनिक सहयोग के किए जा रहे हैं, जबकि उनके अनुसार यह दावा पूरी तरह असत्य एवं भ्रामक है।
ग्राम प्रधान ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा केवल अधिकृत एवं तथ्यात्मक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से ग्राम पंचायत भिंगराड़ा विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में आगे भी नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।