🔊
चम्पावत में फिर एक घर उजड़ गया आखिर कब रुकेगी डम्परों और ट्रकों की डेंजर ड्राइविंग स्कूटी UK 03 D 4097 और डम्पर UK 03 CA 3277 की टक्कर में 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, डीएम ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
चम्पावत |
चम्पावत-तामली मोटर मार्ग पर घटकू (घटोत्कच्छ) मंदिर के समीप शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी संख्या UK 03 D 4097 और डम्पर संख्या UK 03 CA 3277 के बीच हुई टक्कर में स्कूटी सवार 20 वर्षीय दीपक जोशी, पुत्र श्री मुरलीधर जोशी, निवासी गोरल चौड़ वार्ड, आरएफसी गोदाम के निकट, चम्पावत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट श्री मनीष कुमार ने दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए हैं। उपजिलाधिकारी चम्पावत को जांच अधिकारी नामित किया गया है तथा 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाव
फिर एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। एक पिता का बेटा चला गया, एक बहन का भाई हमेशा के लिए बिछड़ गया और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सवाल यह है कि आखिर चम्पावत की सड़कों पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर कब लगाम लगेगी? हर हादसे के बाद जांच होती है, लेकिन यदि सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया गया तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं।
जनहित में उठ रही मांग
- सुबह 5:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक शहर और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर डम्परों एवं भारी ट्रकों की नो-एंट्री लागू की जाए।
- ओवरस्पीडिंग और लापरवाह ड्राइविंग करने वाले भारी वाहन चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित पुलिस और परिवहन विभाग की निगरानी बढ़ाई जाए।
एक लापरवाही किसी का बेटा छीन लेती है, किसी का भाई छीन लेती है और एक परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल देती है। अब समय आ गया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।