🔊
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम के छात्र खीम चंद का नवोदय विद्यालय में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
लोहाघाट।
मेधावी छात्र ने बढ़ाया विद्यालय और क्षेत्र का मान
भारत-नेपाल सीमा से लगे दुर्गम क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम के मेधावी छात्र खीम चंद ने कक्षा 7 में प्रवेश के लिए प्रथम बार आयोजित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर विद्यालय, क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का मिला प्रतिफल
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेश जोशी ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के समर्पित प्रयास और अभिभावकों के सहयोग से खीम चंद ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाएगा।
दुर्गम क्षेत्र से निकली प्रेरणादायक सफलता
प्रधानाध्यापक ने कहा कि पासम जैसे दुर्गम क्षेत्र से इस प्रकार की सफलता शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। जहाँ कभी विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से विद्यालय पहुँचना भी चुनौती माना जाता था, वहीं आज यहाँ के छात्र छात्रवृत्ति, विज्ञान, खेलकूद तथा सहशैक्षिक गतिविधियों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएँ
इस अवसर पर शिक्षक पान सिंह चमलेगी, सुभाष चंद्र, कृष्ण कुमार चौबे, एसएमसी अध्यक्ष मोहन सिंह, ग्राम प्रधान विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। वहीं अभिभावकों ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सतत मार्गदर्शन से बच्चों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेगी प्रेरणा
विद्यालय परिवार ने खीम चंद की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगी।
रिपोर्टर : पुष्कर सिंह राजपूत
संपादक पीएसआर उत्तर ध्वनि न्यूज़
उत्तराखंड