🔊
वन भूमि हस्तांतरण मामलों पर डीएम सख्त, विकास कार्यों में नहीं होगी देरी जिलाधिकारी ने की वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा
जनपद चम्पावत में विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लिया भाग
बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई, जल संस्थान, जल निगम सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का उद्देश्य विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियागत बाधाओं को दूर कर कार्यों में तेजी लाना रहा।
लंबित प्रकरणों की विभागवार हुई गहन समीक्षा
बैठक के दौरान वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित प्रस्तावों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, हस्तांतरण प्रक्रिया की प्रगति, सामने आ रही चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को दी।
समयबद्ध निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्देश दिए कि जनहित एवं विकास कार्यों से जुड़े सभी वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाना बेहद आवश्यक है।
बेहतर समन्वय और औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक अभिलेख एवं सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करें, ताकि प्रस्तावों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो।
वन विभाग को भी दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि लंबित मामलों में अपने स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह, उपजिलाधिकारी सदर श्री बी.सी. पंत सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : पुष्कर सिंह राजपूत
संपादक पीएसआर उत्तर ध्वनि न्यूज़उत्तराखंड