🔊
बड़ी खबर: बाराकोट में तेंदुए के हमले का मॉक ड्रिल, मिनटों में रेस्क्यू ऑपरेशन, पुलिस-स्वास्थ्य और वन विभाग की मुस्तैदी की हुई परीक्षा
बाराकोट (चम्पावत), 02 जुलाई।
बाराकोट क्षेत्र में गुरुवार को तेंदुए के हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने संयुक्त रूप से अपनी त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के अनुसार, घट्कू मंदिर के पास अपने घर से बाराकोट बाजार की ओर जा रहे गोकुल सिंह पुत्र दान सिंह (उम्र लगभग 57 वर्ष) पर सुबह करीब 8:57 बजे अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले के बाद तेंदुआ घायल व्यक्ति को सड़क से नीचे झाड़ियों की ओर घसीट ले गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल 112 एंबुलेंस सेवा को बुलाया गया। घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बाराकोट भेजा गया।
मॉक अभ्यास के दौरान यह भी दर्शाया गया कि ऐसी घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसे देखते हुए वन विभाग को आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल उपयुक्त स्थान पर पिंजरा लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य वन्यजीव हमलों जैसी आपात परिस्थितियों में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखना था, ताकि वास्तविक घटना होने पर जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।