🔊
बड़ी खबर | चम्पावत में लीगेसी वेस्ट पर डीएम का बड़ा एक्शन समयसीमा में खत्म होगा वर्षों पुराना कचरा, डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चम्पावत, जनपद को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने लीगेसी वेस्ट (वर्षों से जमा कचरे) के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोहाघाट स्थित फर्नील ट्रेंचिंग ग्राउंड का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि लीगेसी वेस्ट का शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ट्रॉमेल मशीन से हो रहे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण का बारीकी से निरीक्षण किया और कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रेंचिंग ग्राउंड को मॉडल वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए ताकि भविष्य में कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था स्थापित हो सके।
डीएम ने कम्पोस्टिंग यूनिट का भी निरीक्षण किया और जैविक अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, साफ-सफाई तथा सभी पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मा. सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लीगेसी वेस्ट का समयबद्ध निस्तारण केवल स्वच्छता ही नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
PSR उत्तर ध्वनि न्यूज़
स्वच्छ चम्पावत, स्वस्थ चम्पावत लीगेसी वेस्ट पर जिला प्रशासन का बड़ा अभियान, डीएम ने दिए सख्त निर्देश।