🔊
मानसून को लेकर चम्पावत प्रशासन अलर्ट, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया 24×7 कंट्रोल रूम, राहत-बचाव व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के निर्देश
चम्पावत
मानसून की दस्तक के साथ ही संभावित आपदाओं से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को सचिव आपदा प्रबंधन उत्तराखंड श्री विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय मानसून पूर्व टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस अभ्यास में राज्य और जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सचिव आपदा प्रबंधन ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को मानसून से पहले अपने संसाधनों और व्यवस्थाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के लिए ‘सचेत’ और ‘भूदेव’ ऐप अनिवार्य रूप से डाउनलोड करने को कहा गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि आपदा के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम, सुचारु संचार व्यवस्था, भूस्खलन, अतिवृष्टि और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए।
चम्पावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संभाली तैयारियों की कमान
राज्य स्तरीय बैठक के बाद जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारियां पूरी रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोखिम वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण, राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी समय से पूरी कर ली जाए। साथ ही स्थानीय स्वयंसेवकों और समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर आपदा के समय त्वरित राहत पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, एसएसबी, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मानसून में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए चम्पावत प्रशासन पूरी तरह तैयार, प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट मोड में रहने के दिए निर्देश।