🔊
चम्पावत से बड़ी खबर अब चम्पावत में ही होगी अत्याधुनिक MRI जांच, मुख्यमंत्री धामी ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक में मशीन का किया शुभारंभ
चम्पावत, 29 जून 2026।
पर्वतीय जनपद चम्पावत के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में आज एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला चिकित्सालय चम्पावत के क्रिटिकल केयर ब्लॉक में स्थापित अत्याधुनिक MRI मशीन का विधिवत शुभारंभ किया।
अब तक जटिल बीमारियों की जांच के लिए मरीजों और उनके परिजनों को मैदानी क्षेत्रों की ओर जाना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ते थे। MRI सुविधा शुरू होने के बाद जनपदवासियों को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि चम्पावत में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और चम्पावत मॉडल को एक नई पहचान मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पल्स पोलियो अभियान के तहत नन्हे बच्चों को पोलियो ड्रॉप भी पिलाई और प्रदेशवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्मित क्रिटिकल केयर ब्लॉक आने वाले समय में चम्पावत की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता, बुजुर्गों और मातृशक्ति से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
चम्पावत के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई शुरुआत अब आधुनिक जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर।
पीएसआर उत्तर ध्वनि न्यूज़
न्यूज़ रिपोर्टर पुष्कर सिंह राजपूत
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: