🔊
मॉडल जिले चंपावत ब्लॉक में भाजपा का दबदबा, अन्य ब्लॉकों में सीधा मुकाबला पीएसआर उत्तरध्वनी न्यूज
लोहाघाट। मॉडल जिले चंपावत के चंपावत ब्लॉक में भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख और कनिष्ठ प्रमुख—तीनों पदों पर कब्जा जमाते हुए निर्विरोध जीत दर्ज की। प्रमुख पद पर अंचला बोहरा, ज्येष्ठ प्रमुख पद पर भुवन चंद्र पांडे और कनिष्ठ प्रमुख पद पर मनोज कुमार जोशी को निर्वाचन अधिकारी डॉ. नारायण सिंह ने विजयी घोषित कर प्रमाण पत्र सौंपा। इस सफलता का श्रेय भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत के कुशल राजनीतिक प्रबंधन को दिया जा रहा है।
लोहाघाट ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा के महेंद्र सिंह और अंकिता बोहरा आमने-सामने होंगे। ज्येष्ठ प्रमुख पद पर प्रकाश सिंह और किशोर रावत के बीच, जबकि कनिष्ठ प्रमुख पद पर शोभन सिंह और प्रकाश के बीच मुकाबला होगा।
बाराकोट ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है, जहां सीमा आर्या और सुनीता विश्वकर्मा के बीच सीधी टक्कर होगी। ज्येष्ठ प्रमुख पद पर दरबान सिंह बनाम देवेंद्र सिंह, और कनिष्ठ प्रमुख पद पर केसवी देवी बनाम कमला में सीधा मुकाबला होगा।
पाटी ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा प्रत्याशी प्रकाश सिंह का क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के पुत्र शंकर सिंह अधिकारी से मुकाबला होगा। ज्येष्ठ प्रमुख पद पर खड़क सिंह और महेंद्र राम आमने-सामने हैं, जबकि कनिष्ठ प्रमुख पद पर चंपा देवी, नेहा बगोटी और ईश्वरी के बीच त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा।