🔊
मॉडल जिला चंपावत में भाजपा का दबदबा — आनंद अधिकारी अध्यक्ष, पुष्पा विश्वकर्मा उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले चंपावत में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर आनंद सिंह अधिकारी और उपाध्यक्ष पद पर टनकपुर की पुष्पा विश्वकर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए। दोनों भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन पत्र क्रमशः सुनीता जोशी, अनीता प्रथोली, अशोक महरा, योगेश जोशी तथा अशोक मेहरा, योगेश जोशी ने प्रस्तावित किए।
नामांकन प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर जयवर्धन शर्मा और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अनुराग आर्या की देखरेख में पूरी हुई, जबकि जिलाधिकारी/आरओ मनीष कुमार ने प्रमाण पत्र प्रदान किया।
निर्वाचन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला, जिसमें जिलेभर से समर्थक शामिल हुए। आनंद अधिकारी ने अपने निर्वाचन का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा अपने माता-पिता को दिया।
लोहाघाट पहुंचने पर आनंद अधिकारी का जोरदार स्वागत हुआ और आतिशबाजी से क्षेत्र गूंज उठा। हतरंगिया स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जहां उनके पिता प्रमुख ठेकेदार दिलीप सिंह अधिकारी और माता भागीरथी अधिकारी को भी लोगों ने शुभकामनाएं दीं।
फोटो कैप्शन: जिलाधिकारी/आरओ मनीष कुमार जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित आनंद अधिकारी को प्रमाण पत्र देते हुए; कार्यकर्ताओं द्वारा निकाला गया विजय जुलूस।