🔊
जूता प्रकरण के मुख्य आरोपी शोबन सिंह तिवारी की गिरफ्तारी को लेकर जनाक्रोश, जिला मुख्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन
चम्पावत। चर्चित जूता प्रकरण मामले के मुख्य आरोपी शोबन सिंह तिवारी की अब तक गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के सात दिन बीत जाने के बावजूद शोबन सिंह तिवारी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज बड़ी संख्या में लोगों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा जिला मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शोबन सिंह तिवारी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जूता प्रकरण जैसे गंभीर मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होना कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। ज्ञापन में मांग की गई कि फरार चल रहे मुख्य आरोपी शोबन सिंह तिवारी को तत्काल गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले में कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा तथा व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी भी आरोपी को उसके प्रभाव, धनबल या राजनीतिक पहुंच के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। जनता ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सात दिन बीत गए, लेकिन मुख्य आरोपी शोबन सिंह तिवारी अभी तक गिरफ्त से बाहर है। जनता न्याय और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रही है।