🔊
जूता प्रकरण: मुख्य आरोपी शोबन सिंह अब भी पुलिस की पकड़ से दूर, रसूख और पहुंच पर उठे सवाल! अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित पक्ष ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल
चम्पावत। बहुचर्चित जूता पहनाने अपमान प्रकरण में मुख्य आरोपी बताए जा रहे शोबन सिंह तिवारी पुत्र कुंवर सिंह तिवारी, ग्राम मजपीपल अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मामले में अग्रिम जमानत याचिका लगाए जाने की चर्चा के बीच जमानत खारिज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली परिवार से ताल्लुक रखता है। उसका भाई ग्राम प्रधान है, जबकि परिवार की राजनीतिक और सामाजिक पकड़ बताई जाती है। आरोप है कि इसी प्रभाव के चलते आरोपी को बार-बार मौके मिल रहे हैं और कार्रवाई में देरी हो रही है।
पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कानून सबके लिए बराबर है
या फिर रसूख और धनबल के आगे व्यवस्था कमजोर पड़ रही है? वहीं लोगों का कहना है कि यदि आम व्यक्ति पर ऐसा आरोप होता तो क्या उसे इतनी राहत मिलती?
बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की गई है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अब भी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। क्षेत्र के लोग मांग कर रहे हैं कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए जल्द गिरफ्तारी की जाए, ताकि कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।
अब नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है कि मुख्य आरोपी कब तक कानून के शिकंजे में आता है।