🔊
वायरल वीडियो कांड में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी हरीश सिंह बोहरा नैनीताल से गिरफ्तार एसपी रेखा यादव के निर्देश पर चम्पावत पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
चम्पावत। देवराड़ी बैण्ड के समीप एक टैक्सी चालक को रोककर उसके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी देने, मोबाइल फोन छीनने तथा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के चर्चित मामले में चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी हरीश सिंह बोहरा को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी चम्पावत निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लोहाघाट अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए आरोपी हरीश सिंह बोहरा पुत्र स्व. सुन्दर सिंह बोहरा, निवासी ग्राम चौड़ी रमैला, थाना तामली, जनपद चम्पावत को नौकुचियाताल (जनपद नैनीताल) स्थित होटल मोनाल मीडोज लग्जरी विला इन की पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कानून से ऊपर कोई नहीं
चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना, मारपीट करना, जातिसूचक टिप्पणियां करना तथा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
- हरीश सिंह बोहरा पुत्र स्व. सुन्दर सिंह बोहरा
- निवासी: ग्राम चौड़ी रमैला, थाना तामली, जनपद चम्पावत
- उम्र: 28 वर्ष
पुलिस की कार्रवाई जारी, अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू।