🔊
पाटी नगर पंचायत में निर्दलीय नारायण लाल की जीत, खुशाल सिंह अधिकारी के बयान पर दिया जवाब
लोहाघाट। नगर पंचायत पाटी के चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाले निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने अपनी विजय को जनता का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि उनका वैचारिक और राजनीतिक जुड़ाव भारतीय जनता पार्टी से पहले भी था और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सेवक थे और भविष्य में भी रहेंगे।
जीत के बाद समर्थकों के बीच पहुंचे नारायण लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे लगाए और कहा कि किसी कारणवश उन्हें भाजपा का टिकट नहीं मिल पाया, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। जनता ने उन पर भरोसा जताया और भारी समर्थन देकर विजय दिलाई।
इस दौरान नारायण लाल ने खुशाल सिंह अधिकारी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी को जिताने का काम किया है। नारायण लाल ने कहा कि चुनाव परिणाम ने ऐसे सभी आरोपों का जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी जीत किसी दल विशेष की नहीं, बल्कि पाटी की जनता के विश्वास, समर्थन और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की जीत है।
नारायण लाल ने कहा कि जनता ने अपने मतों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में विकास, जनसेवा और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पाटी नगर पंचायत की जनता को देते हुए कहा कि अब उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनसमस्याओं का समाधान करना होगा।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह सभी वर्गों को साथ लेकर नगर पंचायत पाटी के विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। जीत के बाद क्षेत्र में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया, मिठाइयां बांटी और नारायण लाल के समर्थन में नारे लगाए।
नारायण लाल ने कहा मैं पहले भी धामी जी का सेवक था, आज भी हूं और आगे भी रहूंगा। जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।