🔊
पाटी नगर पंचायत चुनाव: अधिकृत प्रत्याशी तक नहीं उतार सकी कांग्रेस, भाजपा ने बताया हार का पूर्वाभास
लोहाघाट। पाटी नगर पंचायत चुनाव के परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं का कहना है कि पाटी, जिसे वर्षों से कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ माना जाता रहा है, वहां कांग्रेस अपने अधिकृत प्रत्याशी तक घोषित नहीं कर सकी। इससे स्पष्ट होता है कि पार्टी को पहले से ही अपनी हार का अंदेशा था।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने लंबे समय तक क्षेत्र में केवल तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति की, जबकि विकास कार्यों की लगातार उपेक्षा की गई। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पाटी को नगरीय क्षेत्र का दर्जा दिलाकर विकास के नए द्वार खोले और पहली बार नगर पंचायत चुनावों को लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी नवीन राम को चुनाव में लगभग 514 मत प्राप्त हुए, जो कुल मतों का करीब 32 प्रतिशत है। त्रिकोणीय मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहकर उन्होंने भाजपा के बढ़ते जनाधार का संकेत दिया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस दल को अपने ही गढ़ में जमानत जब्त होने का भय सताता हो और जो चुनाव से पहले ही अधिकृत प्रत्याशी घोषित करने का साहस न जुटा सके, उसे जनादेश की व्याख्या करने का नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि पाटी की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब क्षेत्र की राजनीति विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़ेगी। जनता ने यह भी संकेत दिया है कि भ्रम फैलाने और नकारात्मक राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है।
जनता का संदेश
"पाटी की जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में अपना मत देकर यह साबित कर दिया है कि क्षेत्र अब नई सोच और नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना चाहता है।"
— पीएसआर उत्तर ध्वनि न्यूज़ | विशेष रिपोर्ट