🔊
चम्पावत में प्रशासन और पुलिस अलर्ट, चुनाव से लेकर रीठा साहिब मेले तक तैयारियां तेज रीठा साहिब जोड़ मेले के लिए ट्रैफिक प्लान जारी
उत्तराखंड चम्पावत श्री रीठा साहिब गुरुद्वारा में आयोजित होने वाले रीठा साहिब जोड़ मेला–2026 को लेकर चम्पावत पुलिस ने विस्तृत यातायात संचालन योजना जारी कर दी है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, पर्वतीय मार्गों पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। टनकपुर, लोहाघाट, देवीधुरा और हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। भारी वाहनों को सुखीढांग में रोका जाएगा, जबकि छोटे वाहन नियंत्रित व्यवस्था के तहत संचालित होंगे। पुलिस ने ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग, रैश ड्राइविंग और संशोधित साइलेंसर पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नगर पंचायत पाटी चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त
नगर पंचायत पाटी सामान्य निर्वाचन–2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। बिना पूर्व अनुमति कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अमेरिका में असिस्टेंट प्रोफेसर बनीं आयुष्री भावे
चम्पावत की होनहार बेटी आयुष्री भावे ने अमेरिका की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लक्ष्य के दम पर वैश्विक पहचान बनाई जा सकती है। आयुष्री ने भीमताल से बी-फार्मा और जयपुर से एम-फार्मा की शिक्षा प्राप्त की है तथा फार्माकोलॉजी विषय पर उनकी पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं।
कोलीढेक झील से योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
कोलीढेक झील से 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन योग सत्र का लाइव प्रसारण किया गया। “स्वास्थ्य, ज्ञान व वैश्विक शांति के लिये योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन सहभागिता की।
मतदाता पुनरीक्षण के लिए 24×7 कंट्रोल रूम
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिला प्रशासन ने चम्पावत में 24×7 डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर स्थापित किया है। नागरिक मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, शिकायत और सहायता के लिए 05965-231091 और टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकेंगे।
रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
पर्यटन सीजन और गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चम्पावत क्षेत्र के कई रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान साफ-सफाई और हाइजीन में लापरवाही मिलने पर चार कारोबारियों को चेतावनी नोटिस जारी किए गए। विभाग ने खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लैब भेजे हैं।
पूर्णागिरि मेले में अवैध वसूली पर ₹25 हजार जुर्माना
पूर्णागिरि मेला के मुंडन स्थल पर श्रद्धालुओं से तय दर से अधिक धन वसूलने के मामले में जिला पंचायत ने ठेकेदार जितेंद्र सिंह महर पर ₹25 हजार का जुर्माना लगाया है। जांच में श्रद्धालुओं से अतिरिक्त पैसे लेने और अभद्र व्यवहार की शिकायतें सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। प्रशासन ने दोबारा शिकायत मिलने पर ठेका निरस्त करने की चेतावनी दी है।
तामली पेयजल योजना को ₹14.57 करोड़ की मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत तामली ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना को ₹1457.21 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। योजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹145.72 लाख भी जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि योजना से क्षेत्र के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
1 जून से शुरू होगा स्वनिधि महोत्सव
जनपद चम्पावत के सभी निकायों में 1 जून से 30 जून तक ‘स्वनिधि महोत्सव’, ‘लोक कल्याण मेला’ और ‘स्वनिधि शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण, डिजिटल भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम बनबसा, टनकपुर, चम्पावत और लोहाघाट में चरणबद्ध तरीके से आयोजित होंगे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: