🔊
चम्पावत में प्रशासन और पुलिस एक्शन मोड में कहीं नशे पर वार, कहीं विकास को रफ्तार तो कहीं पेयजल संकट से राहत
जनपद चंपावत में शनिवार का दिन प्रशासनिक सक्रियता, विकास कार्यों और पुलिस कार्रवाई के नाम रहा। एक ओर चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए अवैध शराब के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन ने विकास परियोजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कई बड़े फैसले लिए।
डम्पिंग जोन में लगी आग पर फायर ब्रिगेड का त्वरित एक्शन
टनकपुर के शारदा बैराज रोड स्थित डम्पिंग जोन में लगी आग पर फायर ब्रिगेड टीम ने समय रहते काबू पा लिया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन टनकपुर की टीम मौके पर पहुंची और मॉनिटर ब्रांच व होज रील की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
फायर टीम की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पाटी पुलिस का नशा तस्करों पर वार
चम्पावत पुलिस के “नशा मुक्त अभियान” के तहत थाना पाटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सुभाष चंद्र निवासी चौड़ाकोट को 50 पव्वे मसालेदार देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में एएसआई अनंत राम राणा, हेड कांस्टेबल हरीश गुरुरानी और रमेश नाथ गोस्वामी शामिल रहे।
निर्माणाधीन स्टेट गेस्ट हाउस का डीएम ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने टनकपुर में निर्माणाधीन आधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
करीब ₹6179 लाख की लागत से बन रही इस परियोजना में स्टेट गेस्ट हाउस, ट्रांजिट हॉस्टल, वन विभाग आवासीय भवन और अन्य सरकारी कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं। डीएम ने मानसून से पहले प्रमुख निर्माण कार्य पूर्ण करने और फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शारदा कॉरिडोर परियोजना को मिली रफ्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी शारदा कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
परियोजना के तहत शारदा नदी किनारे पैदल मार्ग, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे टनकपुर क्षेत्र को नई धार्मिक एवं पर्यटन पहचान मिलेगी।
बनबसा को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा नगर पंचायत क्षेत्र में जर्जर सड़कों और नालियों के निर्माण हेतु ₹1 करोड़ की पहली किश्त जारी की है।
करीब ₹807 लाख की लागत वाली इस योजना के तहत 42 सड़कों और नालों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।
लोहाघाट क्षेत्र में पेयजल संकट से राहत
भीषण गर्मी और घटते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लोहाघाट क्षेत्र में खराब हैंडपंपों की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी गई है।
विशेष तकनीकी टीम ने कलीगांव और छमनियां स्थित सोलर हैंडपंपों को रिकॉर्ड समय में ठीक किया, जिससे छात्रावासों और ग्रामीण क्षेत्रों में राहत पहुंची। साथ ही नई रोस्टरिंग व्यवस्था लागू कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की गई।
महिला कीर्तन मंडली को मिली संस्कृति संवर्धन किट
चम्पावत के हनुमान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने महिला भजन मंडली को मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन किट भेंट की।
इस अवसर पर महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर लोक संस्कृति संरक्षण और नशा मुक्त देवभूमि अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया। जिलाधिकारी ने बालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना भी की।