🔊
नेपाल बॉर्डर पर चम्पावत पुलिस का बड़ा एक्शन, 1200 नशे के कैप्सूल सहित दो तस्कर गिरफ्तार एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की सक्रिय रणनीति से मिली बड़ी सफलता, बनबसा में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा
जनपद चंपावत में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” संकल्प को साकार करने की दिशा में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में एसओजी एवं बनबसा पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इस पूरी कार्रवाई में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की सतर्क निगरानी, कुशल सुरागरसी और टीम समन्वय की अहम भूमिका रही। लगातार सक्रियता और तेज रणनीति के चलते पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
कार्रवाई के दौरान स्ट्रांग फार्म बनबसा के पास संदिग्धों की चेकिंग में 05 बॉक्सों में कुल 1200 प्रतिबंधित “पायवोक्सी स्पास प्लस” कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कामिल अंसारी और वसीम अंसारी उर्फ लल्ला निवासी खटीमा, जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त कैप्सूल, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल UK06AR 3854, दो मोबाइल फोन तथा नकदी भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीले कैप्सूल उत्तर प्रदेश के नवाबगंज बरेली स्थित मेडिकल स्टोर से लाए थे और नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बनबसा में धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नशामुक्त उत्तराखण्ड अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध ड्रग्स सप्लाई, बिक्री, भंडारण या अवैध खेती की सूचना तुरंत 1933 मानस हेल्पलाइन अथवा 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।