🔊
दुष्कर्म प्रकरण में बड़ा खुलासा: साजिश के 4 आरोपी गिरफ्तार, चम्पावत पुलिस ने खोले षड़यंत्र के तार कानून की पकड़ से कोई नहीं बच सकता एसपी रेखा यादव
जनपद चम्पावत में चर्चित नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में चम्पावत पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक सुनियोजित साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते निर्दोष लोगों को दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने की योजना बनाई थी। अब तक इस मामले में कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चल रही जांच में तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर षड़यंत्र की एक-एक कड़ी सामने आई। कोतवाली चम्पावत में दर्ज FIR संख्या 15/26 व 16/26 की विवेचना के दौरान गुरखोली मंच निवासी बबलू राम और सल्ली निवासी राहुल रावत के नाम भी प्रकाश में आए।
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी आनंद सिंह महरा और प्रकाश में आए आरोपी बबलू राम को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दो अन्य आरोपी कमल सिंह रावत और अर्जिता राय को जेल भेजा जा चुका है।
एसपी रेखा यादव का साफ संदेश
दुष्कर्म जैसे संवेदनशील मामलों को झूठी साजिश और व्यक्तिगत रंजिश का माध्यम बनाना अत्यंत गंभीर अपराध है। ऐसे कृत्य न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती देते हैं बल्कि वास्तविक पीड़ितों की पीड़ा और समाज के विश्वास को भी ठेस पहुंचाते हैं। चम्पावत पुलिस निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी निर्दोष को बदनाम करने या झूठे मुकदमे में फंसाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
कमलेश भट्ट की रणनीति बनी जांच की सबसे मजबूत कड़ी
पूरे मामले में एसओजी प्रभारी की भूमिका बेहद अहम रही। तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन विश्लेषण और साक्ष्य संकलन के जरिए फरार आरोपियों तक पहुंचने में उनकी टीम ने लगातार मेहनत की। पुलिस सूत्रों के अनुसार षड़यंत्र की परतें खोलने में एसओजी की रणनीति निर्णायक साबित हुई।
कमलेश भट्ट ने कहा
सत्य को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन खत्म नहीं किया जा सकता। हमारी टीम ने हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को सामने लाने का काम किया है। चम्पावत पुलिस हर निर्दोष को न्याय दिलाने और कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तार अभियुक्त
आनंद सिंह महरा निवासी फागपुर, बनबसा
बबलू राम निवासी गुरखोली मंच, चम्पावत
पूर्व में गिरफ्तार
कमल सिंह रावत निवासी सल्ली
अर्जिता राय निवासी कनलगाँव
गिरफ्तारी टीम
प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, लक्ष्मण सिंह, प्रकाश भट्ट, राजेश जोशी, गणेश बिष्ट, ललित श्रीवास्तव, गिरीश बिष्ट, ललित चौधरी एवं कुलदीप सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।
चम्पावत पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि झूठी साजिश रचकर किसी निर्दोष को फंसाने और समाज में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।