🔊
नाबालिग को बंधक बनाकर वीडियो वायरल, झूठे मुकदमे की साजिश का खुलासा चम्पावत में सनसनी: दो आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
चम्पावत में नाबालिग बालिका को बंधक बनाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा सुनियोजित तरीके से निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना चम्पावत में वादी श्री राम सिंह रावत की तहरीर के आधार पर कमल सिंह रावत, अर्जिता राय एवं आनन्द सिंह मेहरा के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस जांच के दौरान मामले को गंभीर मानते हुए पॉक्सो एक्ट की धारा 16/17 भी बढ़ाई गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों कमल सिंह रावत एवं अर्जिता रायको गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि कानून का दुरुपयोग कर समाज में भ्रम और तनाव फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।
सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे वीडियो से मचा हड़कंप
घटना के बाद वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक माहौल बनाने और निर्दोष लोगों को फंसाने की कोशिश करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
चम्पावत पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून को हाथ में लेने, फर्जी साजिश रचने या सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।