🔊
सीमांत का सितारा: भारत-नेपाल सीमा से लगे दुर्गम क्षेत्र के आयुष ने नवोदय में मारी बाज़ी
चम्पावत | संवाददाता
भारत-नेपाल सीमा से लगे दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की खबर सामने आई है। विकासखंड लोहाघाट के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बगोटी के मेधावी छात्र आयुष ने राजीव नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
सीमित संसाधनों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और शैक्षिक चुनौतियों के बीच आयुष की यह उपलब्धि किसी मिसाल से कम नहीं है। जहां अक्सर ऐसे क्षेत्रों में शिक्षा की राह कठिन मानी जाती है, वहीं आयुष ने अपने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस सफलता में अहम भूमिका निभाई। प्रधानाध्यापक एवं समस्त स्टाफ ने आयुष को मार्गदर्शन देते हुए निरंतर प्रोत्साहित किया। शिक्षकों ने बताया कि आयुष शुरू से ही पढ़ाई में तेज और अनुशासित छात्र रहा है।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने आयुष और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए इसे पूरे सीमांत क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।
संदेश:
दुर्गम राहें भी नहीं रोक पातीं हौसलों की उड़ान — सीमांत का बेटा आयुष बना मिसाल