🔊
बाराही धाम में भीड़ नियंत्रण के दौरान पुलिस आरक्षी की दर्दनाक मौत बग्वाल मेले और पुलिस परिवार में शोक की लहर, तीन दिन तक स्थगित रहेंगे खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम
बाराही धाम में भीड़ नियंत्रण के दौरान पुलिस आरक्षी की दर्दनाक मौत
बग्वाल मेले और पुलिस परिवार में शोक की लहर, तीन दिन तक स्थगित रहेंगे खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम
चंपावत। ऐतिहासिक बग्वाल मेले के मुख्य दिवस पर बाराही धाम मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के दौरान पुलिस आरक्षी गोकुल टम्टा का पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां रविवार रात एक निजी चिकित्सालय में उन्होंने अंतिम सांस ली।
पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 41 वर्षीय दिवंगत गोकुल टम्टा मूल रूप से लमगड़ा ब्लॉक के निवासी थे और एक माह पूर्व ही उधम सिंह नगर से चंपावत जिले में उनकी पोस्टिंग हुई थी। उनकी पत्नी भी उधम सिंह नगर में पुलिस विभाग में सेवारत हैं। मृतक आरक्षी का परिवार हल्द्वानी में रहता है।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। सोमवार को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस परिवार ने दो मिनट का मौन रखकर अपने साथी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीओ एस.एस. राणा, सीओ टनकपुर वंदना वर्मा सहित पुलिस अधिकारी और आरक्षी मौजूद रहे।
बाराही मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित शोकसभा में अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, मेला संयोजक विनोद गढ़कोटी, दीपक चम्याल, चंदन बिष्ट, हयात सिंह बिष्ट, हरीश चंद्र पांडे, खाम प्रमुख त्रिलोक सिंह बिष्ट, गंगा सिंह चम्याल, बद्री सिंह बिष्ट, वीरेंद्र लमगड़िया, रोशन लमगड़िया, आचार्य कीर्ति शास्त्री और भुवन चंद्र शास्त्री सहित अन्य उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
मंदिर कमेटी के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने मृतक आरक्षी के सम्मान में तीन दिनों तक मेले के खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की। श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी ने दिल्ली से शोक संदेश भेजा।
श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय में प्राचार्य हरिश्चंद्र पांडे के निर्देशन में छात्र-छात्राओं एवं आचार्यों ने शांति पाठ कर मां बाराही से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
फोटो विवरण:
मृतक आरक्षी गोकुल टम्टा की फाइल फोटो
बाराही धाम में श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा किया जा रहा शांति पाठ