🔊
कपलेश्वर महादेव मंदिर में पहुंची संस्कृति संवर्धन किट जिलाधिकारी ने भेंट कर सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का दिया संदेश
उत्तराखंड के जनपद
चम्पावत मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल कला, परंपरा और पहचान के अंतर्गत जनपद चम्पावत के ग्राम पंचायत राकड़ी फूलारा स्थित श्री कपलेश्वर महादेव मंदिर में जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा संस्कृति संवर्धन किट भेंट की गई।
युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल
यह पहल जनपद में सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने और जनजागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
पूजा-अर्चना कर की जनकल्याण की कामना
जिलाधिकारी ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं सतत विकास की कामना की। साथ ही मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों व मंदिर समिति के पदाधिकारियों से संवाद किया।
स्थानीय समस्याओं पर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने मंदिर सौंदर्यीकरण, जलापूर्ति, भूमि विवाद, नौला संरक्षण तथा बैठने की व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश देते हुए खंड विकास अधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने तथा जल संस्थान एवं स्वजल विभाग को समस्या समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
संस्कृति से जुड़ाव और जागरूकता का माध्यम
जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत धार्मिक, शैक्षिक एवं सामुदायिक संस्थानों को किट वितरित की जा रही है, जिनमें सांस्कृतिक साहित्य, पारंपरिक वाद्य यंत्र और नशा मुक्ति जागरूकता सामग्री शामिल है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना है।
ग्रामीणों ने की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल को समाजहित में प्रेरणादायी बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।