🔊
चंपावत जिले में हाई अलर्ट, अगले 24 घंटे में भारी बारिश और आपदा का खतरा
चंपावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, हाईफॉरेस्ट डिवीजन नई दिल्ली द्वारा 11 अगस्त 2025 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में उत्तराखंड के कई जिलों सहित चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन, मार्ग अवरुद्ध होने और जन-धन की हानि की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है।
उप जिला मजिस्ट्रेट/जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी चंपावत ने सभी संबंधित विभागों, पुलिस, तहसील प्रशासन, एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, एनपीसीसी आदि को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, आवश्यक संसाधन तैयार रखने और जनता को सतर्क रहने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्कूल, छात्रावास, टेंट हाउस, पर्यटन स्थल और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 05965-230819, 230703 (1077), 9917384226, 7895318595 पर देने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।