🔊
चौखाम बाबा मंदिर पहुंचे जिलाधिकारी, उठा बदलाव का बिगुल: संस्कृति, आस्था और जनजागरण के संग नशा मुक्ति अभियान
चम्पावत
जनपद चम्पावत के गुमदेश चमदेवल स्थित प्रसिद्ध श्री चौखाम बाबा मंदिर में रविवार को एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली, जब जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं मंदिर पहुंचे और मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल – कला, परंपरा और पहचान के तहत संस्कृति संवर्धन किट भेंट की।
यह पहल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित हो रही है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना, युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना और समाज में सकारात्मक जनजागरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और सतत विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व मंदिर समिति के सदस्यों से संवाद किया।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मंदिर सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था, सड़क सुधार, बस्कुनी क्षेत्र में पुस्तकालय स्थापना और सोलर लाइट संचालन से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने इन सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।
संस्कृति संवर्धन किट में धार्मिक एवं सांस्कृतिक साहित्य, पारंपरिक वाद्य यंत्र और नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता सामग्री शामिल है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाते हुए उन्हें अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित संत-महात्माओं, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायी कदम बताया और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मोहित पाठक, शंकर दत्त पांडे, लक्ष्मण सिंह, पुजारी जी, राहुल सिंह धामी, जोग सिंह धामी, आनंद सिंह धोनी, कृष्ण सिंह धोनी, प्रकाश सिंह धोनी, खुशहाल सिंह धोनी, ईश्वर सिंह धोनी, मान सिंह धोनी, भावेश पांडे, अनुराग पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे