🔊
गंगावली जिला बनाने की आवाज तेज पिथौरागढ़ गूंजा जन आंदोलन
पिथौरागढ़/गंगावली
पिथौरागढ़ जनपद के गंगावली क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जिला बनाए जाने की मांग ने अब जोर पकड़ लिया है। सबका विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गंगोलीहाट बाजार में एक विशाल जनसभा आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की।
सभा को संबोधित करते हुए हरीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि गंगावली केवल भौगोलिक पहचान ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसके बावजूद दशकों से उपेक्षा झेल रहा यह इलाका आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ब्रिटिश काल से पहचान रखने वाले गंगावली को जिला बनाना अब अत्यंत आवश्यक हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 30 वर्षों से लगातार उठ रही इस मांग को सरकार अनदेखा कर रही है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी रोष है।
सभा में जिला बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष गणेश बोरा ने भी जनता से एकजुट रहने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन गोपाल सिंह धानिक ने किया।
इस दौरान धरना-प्रदर्शन में कई प्रमुख लोग शामिल रहे, जिनमें दीपक धानिक, रंजीत सिंह, प्रकाश सिंह, गंगा प्रसाद, मुकुल शाह, विजय शाह, नीरज पंत, बब्बू पाण्डेय, राजेन्द्र, मालती आर्य, दिनेश कुमार, विक्की जंगला, खड़क सिंह, बुद्धिलाल सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जनता का एक स्वर — अबकी बार गंगावली जिला बनकर रहेगा
क्षेत्र में बढ़ते जनसमर्थन को देखते हुए यह आंदोलन आने वाले समय में और उग्र रूप ले सकता है। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।