🔊
स्वाला में सड़क चौड़ीकरण कार्य पर जिलाधिकारी का कड़ा रुख अधिकारियों को लगाई फटकार —बरसात से पहले हर हाल में पूरा हो काम, यह डेंजर जोन है
जनपद चम्पावत के स्वाला क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कार्य की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को तेज गति से काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वाला क्षेत्र डेंजर जोन माना जाता है, ऐसे में यहां सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले हर हाल में कार्य पूरा होना चाहिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि हिल साइड में बैंच कटिंग और डाउनसाइड में सेफ्टी वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण तेजी से किया जाए, जिससे सड़क की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है और मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।