🔊
टनकपुर को मिली ऐतिहासिक सौगात मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल के लिए ₹14.24 करोड़ स्वीकृत
चम्पावत
सीमांत जनपद चम्पावत और टनकपुर क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पुष्कर सिंह धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र को एक और ऐतिहासिक सौगात देते हुए टनकपुर में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और भव्य कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए ₹14.24 करोड़ की बड़ी धनराशि स्वीकृत कर दी है।
इतना ही नहीं, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए पहली किस्त के रूप में ₹1 करोड़ की धनराशि जारी करने की भी मंजूरी दे दी गई है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
पत्रकारों को मिलेगा अपना आधुनिक मीडिया सेंटर
टनकपुर में बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर सीमांत क्षेत्र के पत्रकारों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। यहां पत्रकारों को समाचार संकलन, प्रेस वार्ता, संवाद कार्यक्रम, बैठकों और मीडिया गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पत्रकारों को एक व्यवस्थित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिलेगा।
सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बनेगा भव्य कम्युनिटी हॉल
स्वीकृत योजना के अंतर्गत बनने वाला कम्युनिटी हॉल टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुसज्जित एवं भव्य मंच उपलब्ध होगा।
जिलाधिकारी ने दिए गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत परियोजनाओं के निर्माण कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जल्द ही पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दी गई इस बड़ी सौगात से टनकपुर क्षेत्र में विकास की नई लहर देखने को मिल रही है। स्थानीय पत्रकारों और नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा फैसला टनकपुर में बनेगा आधुनिक मीडिया सेंटर, पत्रकारों और जनता को मिलेगी ऐतिहासिक सौगात