🔊
धनुष पुल पर पुलिस का बड़ा वार, नेपाल जा रही नशे की खेप पकड़ी एसओजी व बनबसा पुलिस की सटीक घेराबंदी, 768 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर दबोचा
चम्पावत टनकपुर/बनबसा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी और सटीक कार्रवाई करते हुए नेपाल ले जाई जा रही नशीले कैप्सूलों की खेप पकड़ ली। एसओजी और बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने धनुष पुल के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 768 नशीले कैप्सूल Proxyco Spas बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के सख्त निर्देशों के बाद चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा के निर्देशन में एसओजी टीम और बनबसा पुलिस ने सूचना के आधार पर चेकिंग तेज की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शादाब उर्फ शाहदाब (20 वर्ष) निवासी इस्लामनगर, खटीमा के पास से 96 पत्तों में कुल 768 कैप्सूल बरामद किए गए। जांच में इन कैप्सूलों में Tramadol Hydrochloride 38.4 ग्राम और Acetaminophen 249.6 ग्राम पाया गया, जो बिना डॉक्टर के पर्चे के रखना और परिवहन करना एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह नशीले कैप्सूल पीलीभीत के मझोला क्षेत्र के एक संदिग्ध मेडिकल स्टोर से लाया था और इन्हें टनकपुर के रास्ते नेपाल ले जाने की योजना थी। पुलिस ने मामले में थाना बनबसा में FIR संख्या 13/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
क्या-क्या हुआ बरामद
96 पत्तों में 768 नशीले कैप्सूल (Proxyco Spas)
रोडवेज टिकट
लाइटर
40 रुपये नकद
एसओजी टीम की सूझबूझ से मिली बड़ी सफलता
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट की भूमिका बेहद सराहनीय रही। उनकी तेज खुफिया जानकारी, सटीक रणनीति और सक्रिय नेतृत्व के चलते पुलिस टीम ने नशे की इस खेप को समय रहते पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कमलेश भट्ट और उनकी टीम लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर युवाओं को नशे से बचाने का काम कर रही है।
पुलिस टीम
उ0नि0 सुरेंद्र सिंह कोरंगा, थानाध्यक्ष बनबसा
उ0नि0 कमलेश भट्ट, प्रभारी एसओजी
उ0नि0 निर्मल सिंह लटवाल
HC मतलूब खान (SOG)
HC तपेन्द्र जोशी (SOG)
का0 उमेश राज (SOG)
का0 नासिर हुसैन (SOG)
का0 बलवंत सिंह
का0 आनन्द कुमार
पुलिस की अपील
चम्पावत पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत 112 या नजदीकी थाना/चौकी को सूचना दें।