🔊
पूर्णागिरि मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद पुलिस अधीक्षक रेखा यादव का मेला क्षेत्र निरीक्षण, कहातीर्थ यात्री हमारे मेहमान, सुरक्षा-सम्मान में नहीं होगी कमी
चम्पावत टनकपुर उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेला में अब आस्था का सैलाब उमड़ने लगा है। देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचकर मां पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मेला क्षेत्र में पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
इसी क्रम में रेखा यादव ने मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले सभी तीर्थ यात्री हमारे अतिथि हैं, इसलिए उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान में चम्पावत जिला को एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक स्थलों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है। यदि तीर्थ यात्रियों को यहां बेहतर सुविधाएं मिलती हैं तो यही श्रद्धालु जिले के लिए ब्रांड एंबेसडर बनकर अन्य लोगों को भी यहां आने के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मेला क्षेत्र के लगभग 20 किलोमीटर के दायरे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि मेले में कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में आमजन का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से किसी भी संभावित अनहोनी को समय रहते रोका जा सकता है।