🔊
शारदा घाट में बड़ा हादसा टला पूर्णागिरि दर्शन को आई दो महिलाएं डूबने से बाल-बाल बचीं, जल पुलिस ने दिखाया साहस
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मंदिर के दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश से आई दो महिलाएं शनिवार सुबह शारदा घाट में स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चली गईं। मौके पर मौजूद जल पुलिस और बचाव दल की तत्परता से दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को सुबह करीब 8 बजे सरोज (35 वर्ष) पत्नी मुकेश कुशवाहा और राधा (45 वर्ष) पत्नी केशी, निवासी इटावा, मां पूर्णागिरि मंदिर के दर्शन के लिए टनकपुर पहुंची थीं। दर्शन से पहले दोनों महिलाएं शारदा नदी के शारदा घाट में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
मौके पर तैनात जल पुलिस और बचाव दल ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत नदी में उतरकर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद दोनों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस के राकेश गिरी, गोताखोर रविंद्र कुमार तथा पीआरडी जवान सूरज शर्मा की अहम भूमिका रही। उनकी तत्परता और साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने बचाव दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनकी बहादुरी को सलाम किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नदी या घाट पर स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन की अपील
तीर्थस्थलों और घाटों पर स्नान करते समय गहरे पानी से दूर रहें और सुरक्षा नियमों का पालन अवश्य करें।