🔊
बाराही धाम में मां बज्र बाराही की भव्य शोभायात्रा — श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, देवीधुरा बाजार में लौटी रौनक
PSR उत्तरध्वनी न्यूज
चंपावत पाटी ब्लॉक
ऐतिहासिक बग्वाल मेले के शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद रविवार को बाराही धाम में मां बज्र बाराही की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बग्वाल के दिन सुबह मुख्य मंदिर में ताम्र पेटिका में मां बज्र बाराही, मां महाकाली और मां सरस्वती विराजमान रहती हैं। इस दौरान निसंतान महिलाएं रातभर हाथ में दिया लेकर मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करती हैं।
रविवार को नंद गृह में तीनों माताओं को काले कंबल से ढककर दूध व गंगाजल से स्नान कराया गया, नए आभूषण व वस्त्र धारण कराए गए। पारंपरिक रूप से यह जिम्मेदारी बागड़ जाति के लोगों की होती है, जो इस दौरान अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधते हैं।
शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होती हुई मुस्कंद ऋषि आश्रम पहुंची, जहां मान्यता है कि मां बाराही वर्ष में एक बार ऋषि को दर्शन देती हैं। यहां से पंचाचुली और मानसरोवर के भी दर्शन होते हैं।
इसके बाद शोभायात्रा मुख्य मंदिर लौटकर यथास्थान स्थापित हुई, जहां वर्ष भर बाहर से ही पूजा अर्चना की जाती है। आयोजन में चार खाम सात थोको के लोग भी शामिल रहे।
सांस्कृतिक मंच पर देशभर की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली। रातभर सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। इस अवसर पर देवीधुरा बाजार में व्यापारिक गतिविधियां तेज हो गईं और दुकानों पर रौनक लौट आई।
फोटो — बाराही धाम में मां बज्र बाराही की भव्य शोभायात्रा में उमड़ी भीड़।