🔊
सेवा और संवेदना की मिसाल मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में दो दिवसीय ईएनटी शिविर संपन्न 150 से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार, 19 जरूरतमंदों को मिली श्रवण मशीनें
लोहाघाट | विशेष संवाददाता
अद्वैत आश्रम स्थित मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में आयोजित दो दिवसीय विशेष ईएनटी (नाक–कान–गला) चिकित्सा शिविर का रविवार को सफल समापन हुआ। शिविर का समापन चिकित्सालय प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज द्वारा किया गया।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान 150 से अधिक मरीजों की निःशुल्क जांच व उपचार किया गया, जबकि 19 जरूरतमंद मरीजों को श्रवण मशीनें प्रदान की गईं।
विशेषज्ञों की टीम ने दी आधुनिक चिकित्सा सेवाएं
शिविर में सिलीगुड़ी से आए ख्यातिप्राप्त ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शेखर बनर्जी के नेतृत्व में ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. तिमर, अभिजीत बसु एवं वैशाली बसु की टीम ने आधुनिक मशीनों से मरीजों का उपचार किया।
लंबे समय से कान बंद होने और सुनने में कठिनाई से जूझ रहे कई मरीजों को विशेष सफाई एवं उपचार के बाद तत्काल राहत मिली। उपचार के बाद मरीजों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी।
क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सेवा कार्य
स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने कहा कि पहली बार इस क्षेत्र में इस स्तर की विशेषज्ञ ईएनटी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिसे क्षेत्रवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। वहीं चिकित्सकों ने भी इस सेवा अनुभव को गौरवपूर्ण बताते हुए भविष्य में पुनः शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई।
चिकित्सालय स्टाफ का सराहनीय योगदान
शिविर के सफल संचालन में चिकित्सालय स्टाफ डॉ. अनुज, मनोज पुनेठा, सतीश पुनेठा, पंकज चौडाकोटी, दिनेश जोशी एवं अनिल पुनेठा के उत्कृष्ट सहयोग और व्यवहार की सराहना की गई।
इस अवसर पर प्रबुद्ध भारत के विद्वान संपादक स्वामी दिव्य कृपानंद जी एवं स्वामी आत्मप्रकाश नंद जी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
8 से 12 अप्रैल तक लगेगा विशाल चिकित्सा शिविर
चिकित्सालय प्रशासन ने बताया कि 8 से 12 अप्रैल तक यहां विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर के साथ-साथ ईएनटी, बाल रोग एवं फिजिशियन विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की गई है।
वरिष्ठ पत्रकार की सशक्त कवरेज
इस जनसेवा से जुड़े पुनीत कार्य की वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडे द्वारा की गई दमदार और जमीनी कवरेज ने इस आयोजन को व्यापक पहचान दिलाई है, जिसकी क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।