🔊
व्यस्त जीवन से समय निकालकर गौसेवा में पाएं आत्मिक सुकून — जिलाधिकारी मनीष कुमार माँ कामधेनु वात्सल्य सेवा धाम ट्रस्ट पहुँचे, गौवंश संरक्षण को दी नई गति
चम्पावत=मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विज़न के अनुरूप गौवंश संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने रविवार को धौनिशिलिंग स्थित माँ कामधेनु वात्सल्य सेवा धाम ट्रस्ट का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने गौशाला की स्वच्छता, सुव्यवस्थित प्रबंधन और सेवा प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि “व्यस्त जीवन से समय निकालकर गौसेवा करने से आत्मिक सुकून और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।”
गौशाला में वर्तमान स्थिति
2 गौशेड निर्मित
कुल 317 गौवंश संरक्षित
प्रतिदिन तीन बार हरा व सूखा चारा उपलब्ध
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं गौवंश को चारा और केले खिलाए, जिससे सेवा भावना का संदेश गया। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि वे अपने व्यस्त समय से कुछ क्षण निकालकर बेजुबान पशुओं की सेवा में योगदान दें।
गौशाला विकास के लिए दिए सुझाव
छोटे बछड़ों के लिए अतिरिक्त शेड
हरे चारे के उत्पादन हेतु भूमि व आधुनिक उपकरण
जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए फेंसिंग
बीमार गौवंश हेतु पृथक उपचार शेड व औषधि कक्ष
सौर ऊर्जा आधारित लाइट व हाई मास्क लाइट की स्थापना
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा गौशाला के विकास और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा, ताकि प्रत्येक गौवंश को सुरक्षित, स्वच्छ और पोषक वातावरण मिल सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से माँ कामधेनु वात्सल्य सेवा धाम ट्रस्ट न केवल चंपावत, बल्कि संपूर्ण प्रदेश में गौसेवा का एक अनुकरणीय केंद्र बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर गौशाला प्रबंधक/अध्यक्ष पं. शंकरदत्त पांडेय, डॉ. जे. पी. यादव और गौशाला के कार्मिक उपस्थित रहे।