🔊
चम्पावत का गौरव बढ़ा: स्टेट बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड–2026 से होगा सम्मानित राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदेश के चार जिलों में चम्पावत शामिल 25 जनवरी को देहरादून में राज्यपाल के हाथों मिलेगा सम्मान
जनपद चम्पावत ने निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 के अवसर पर चम्पावत को स्टेट बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड–2026 से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड द्वारा जारी पत्र के अनुसार 25 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे देहरादून स्थित लोकमंच ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें माननीय राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। इसी समारोह में चम्पावत सहित रुद्रप्रयाग, बागेश्वर एवं उत्तरकाशी जनपदों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा।
जनपद चम्पावत की ओर से यह सम्मान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ग्रहण करेंगे। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद में प्री-एसआईआर (Pre-SIR) गतिविधियों का सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन किया गया, जिसमें बीएलओ, सुपरवाइजर, उपजिलाधिकारी तथा समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार टीमवर्क, प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने भविष्य में भी मतदाता जागरूकता एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
चम्पावत की यह उपलब्धि न केवल जनपद बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।