🔊
चंपावत का खर्ककार्की बना आदर्श संस्कृत ग्राम — मुख्यमंत्री धामी ने किया वर्चुअल लोकार्पण
चम्पावत=संस्कृत भाषा के पुनर्जागरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 13 जिलों में चयनित 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों का एक साथ लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भोगपुर (देहरादून) में राज्यस्तरीय समारोह के रूप में आयोजित हुआ।
जनपद चंपावत का खर्ककार्की भी इस योजना के तहत आदर्श संस्कृत ग्राम घोषित हुआ। यहां यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में भव्य समारोह आयोजित किया गया। शुरुआत 24 UK गर्ल्स बटालियन एनसीसी, अल्मोड़ा की छात्राओं द्वारा सलामी एवं स्वागत से हुई, जिसके बाद कुर्मांचल ऐंग्लो संस्कृत उत्तर माध्यमा विद्यालय के विद्यार्थियों ने संस्कृत स्वागत गीत “महामहनीय मेधाविन” प्रस्तुत किया।
विशेष आकर्षण यह रहा कि बच्चों ने पूरी वार्ता संस्कृत में की — अभिवादन, प्रश्नोत्तर और सामान्य संवाद से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं के संस्कृत नाम तक बड़े आत्मविश्वास के साथ बताए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान मीना कार्की ने की। मुख्य अतिथि मा. दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे और विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल संवाद में कक्षा 7 के छात्र शुभम पांडे से संस्कृत में बातचीत कर उसे प्रोत्साहित किया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने इसे भाषा संरक्षण के साथ सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का प्रयास बताया, वहीं संस्कृत शिक्षा के अधिकारियों ने इसे राज्य की धरोहर और भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मील का पत्थर कहा।
यह आयोजन संस्कृत शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग और यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संयुक्त सहयोग से सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और ग्रामवासी मौजूद रहे।