🔊
विद्यालय सुरक्षा और युवाओं को रोजगार: चम्पावत में प्रशासन की दोहरी पहल
चम्पावत
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में चम्पावत जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, वहीं नन्धौर वन्यजीव अभ्यारण क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने हेतु जिप्सी संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जर्जर शौचालयों की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं को अनिवार्य रूप से दुरुस्त करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यालय में स्वच्छता या पानी की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्यालयों की भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए विद्यालयों के नाम भूमि हस्तांतरण का विशेष सघन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का भूमि विवाद उत्पन्न न हो। इसके साथ ही नदी, नालों, गधेरों एवं संवेदनशील स्थलों पर ज्ञान सेतु (सुरक्षित मार्ग/पुल) निर्माण के निर्देश दिए गए, जिससे मानसून के दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
दूसरी ओर, जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा नन्धौर वन्यजीव अभ्यारण में ईको-टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खोले गए हैं। ककराली गेट से संचालित नन्धौर वाइल्डलाइफ सफारी के लिए जिप्सी/योद्धा जैसे सफारी वाहनों के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत पात्र स्थानीय नागरिकों को वाहन क्रय पर अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना का उद्देश्य पर्यटन विकास के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
इस प्रकार चम्पावत जिला प्रशासन द्वारा एक ओर जहां विद्यालयों की सुरक्षा, स्वच्छता और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यटन के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रभावी पहल की जा रही है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: