🔊
त्वरित अग्निशमन कार्रवाई से टला बड़ा हादसा, लोहाघाट में सड़क सुरक्षा व नशा उन्मूलन को लेकर पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली
चम्पावत।
जनपद चम्पावत में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की सक्रियता और तत्परता से एक ओर जहां संभावित बड़ा हादसा टल गया, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा, नशा उन्मूलन एवं साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया।
टनकपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या–08, एसबीआई के पास एक आवासीय भवन में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन टनकपुर की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर होज पाइप एवं होजरील की सहायता से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग को पूरी तरह बुझा दिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया, जिसे स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताया।
इधर, 36वें सड़क सुरक्षा माह, नशा उन्मूलन अभियान एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत लोहाघाट कस्बे में पैदल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली रोडवेज स्टेशन से पुल्ला तिराहा तक निकाली गई, जिसमें स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस तथा आईटीबीपी के जवानों ने प्रतिभाग किया।
रैली के दौरान आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन न चलाएं, नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, नाबालिगों को वाहन न दें, तेज गति व मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाएं तथा ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा व आरसी जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।
इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों से समाज को दूर रखने और साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
जनपद में एक साथ आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और जनजागरूकता अभियानों ने प्रशासन की सक्रिय भूमिका को स्पष्ट रूप से दर्शाया है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: