🔊
चम्पावत पुलिस फुल एक्शन मोड में: सड़क से थाने तक सख्ती नशे, हुड़दंग, अपराध और लापरवाही पर सीधा प्रहार
जनपद चंपावत
कानून तोड़ोगे तो बख्शे नहीं जाओगे
जनपद चम्पावत में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि अब लापरवाही, हुड़दंग और अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ कई मोर्चों पर सख्त कार्रवाई और आंतरिक कसावट देखने को मिली, जिससे अपराधियों और अराजक तत्वों में स्पष्ट संदेश गया अब सिस्टम पीछे नहीं हटेगा।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब और उत्पात सीधी कार्रवाई
थाना टनकपुर क्षेत्र में क्यूआरटी टीम ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर उत्पात मचाने वाले पांच व्यक्तियों को मौके से दबोचकर पुलिस एक्ट में चालान किया। यह कार्रवाई केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए चेतावनी है जो सार्वजनिक व्यवस्था को मज़ाक समझते हैं।
सवाल साफ है
अगर सख्ती पहले होती, तो क्या सार्वजनिक स्थान शराबखाना बनते?
31 दिसंबर और नववर्ष से पहले पुलिस अलर्ट
नववर्ष आयोजनों को लेकर पुलिस ने जिलेभर में चैकिंग, रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और यातायात निगरानी तेज कर दी है। पर्यटन स्थलों, होटलों, ढाबों, बस-रेलवे स्टेशनों पर नियमित चैकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
साफ संदेश है
हुड़दंग, नशे में ड्राइविंग और रेस ड्राइविंग अब सीधे कार्रवाई को न्योता है।
नशे में ड्राइविंग और अराजकता पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों, यातायात नियम तोड़ने वालों और अराजकता फैलाने वालों पर बिना चेतावनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे सुनसान स्थानों में आयोजन से बचें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस महकमे में कसावट: विवेचकों की क्लास
कोतवाली टनकपुर और थाना बनबसा के विवेचकों की सीधी समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं पर कड़ा रुख अपनाया। NDPS, साइबर क्राइम, महिला एवं बाल अपराधों में 100% प्रोफेशनल और वैज्ञानिक विवेचना के निर्देश दिए गए।
अब बहाने नहीं चलेंगे
डिजिटल साक्ष्य
FSL रिपोर्ट
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी
गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन
सब कुछ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होना अनिवार्य किया गया है।
पदोन्नति के साथ संदेश: वर्दी में जिम्मेदारी बढ़ी
अपर उप निरीक्षक से उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत अधिकारियों को सम्मानित करते हुए एसपी ने साफ कहा कि पदोन्नति सम्मान नहीं, जवाबदेही है। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा को ही आगे बढ़ने की असली कसौटी बताया गया।
निचोड़
चम्पावत पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि
सड़क पर हुड़दंग हो या थाने में लापरवाही
नशा हो या संगठित अपराध
जांच में ढिलाई हो या कानून से खेल
अब हर स्तर पर जवाब देना होगा।
यह कार्रवाई केवल आज की खबर नहीं, बल्कि आने वाले दिनों की चेतावनी है
कानून से ऊपर कोई नहीं।