🔊
जिलाधिकारी ने पार कराए सभी यात्री, राखी की डोर पहुंची सुरक्षित भारी बारिश में भी स्वाला में प्रशासन ने निभाई जिम्मेदारी
चम्पावत। रक्षाबंधन के दिन लगातार हो रही भारी बारिश से स्वाला क्षेत्र में भूस्खलन और मलबे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। कई यात्री बीच रास्ते में फंस गए। जिलाधिकारी मनीष कुमार खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित पार कराया।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और मशीनरी को निर्देश दिए कि पूरी सुरक्षा के साथ मलबा हटाकर मार्ग को शीघ्र सुचारु किया जाए। उपजिलाधिकारी चम्पावत अनुराग आर्या दिनभर स्थल पर डटे रहे और यात्रियों की सुरक्षित निकासी की निगरानी करते रहे।
स्वाला के दोनों ओर प्रशासन ने बसों और बोलेरो वाहनों की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा के मद्देनज़र शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद रहेगा। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रात्रि यात्रा से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।