🔊
चम्पावत पुलिस का एक्शन मोड: ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, साइबर अपराधों को लेकर चौपाल के माध्यम से जागरूकता, बुलेट से हुड़दंग मचाने वाले युवक पर सख्त कार्रवाई
जनपद चम्पावत में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चम्पावत पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते दिनों पुलिस ने ठगी, साइबर अपराधों और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में एक के बाद एक प्रभावी कदम उठाए हैं।
नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 लाख की ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1 लाख 20 हजार रुपये की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को लोहाघाट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक लोहाघाट के नेतृत्व में अभियुक्त विमल सिंह महरा पुत्र दरबान सिंह, निवासी ग्राम त्यारसों सलान, पोस्ट खेतिखान, थाना लोहाघाट को कस्बा शांति कुंज, गली नंबर-02, थाना घोड़सी, गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
साइबर अपराधों को लेकर चौपाल के माध्यम से जनजागरूकता
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी चम्पावत द्वारा थाना तामली क्षेत्रान्तर्गत चौकी मंच में चौपाल का आयोजन कर स्थानीय लोगों, गणमान्य नागरिकों, ग्राम प्रधानों, सीएलजी सदस्यों एवं ग्राम प्रहरियों को जागरूक किया गया।
इस दौरान युवाओं को मानव तस्करी, साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, हनी ट्रैप, साइबर अरेस्ट तथा मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही आपात स्थिति में सहायता के लिए 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 112, 108, 1090 और 1098 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देकर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
बुलेट मोटरसाइकिल से हुड़दंग मचाने वाला युवक पकड़ा गया, वाहन सीज
सड़क सुरक्षा और आमजन की शांति बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहाघाट पुलिस ने रेट्रो/मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में बुलेट मोटरसाइकिल चलाने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
लोहाघाट बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK03C-2032 (बुलेट मोटरसाइकिल) के चालक गौरव सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी बापरू, लोहाघाट को पटाखे जैसी आवाज करते हुए वाहन चलाते पाया गया।
मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर हुड़दंग, अवैध मॉडिफिकेशन, साइबर ठगी और कानून उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।