🔊
क्रिसमस व नववर्ष पर जनसुरक्षा के लिए चम्पावत पुलिस पूरी तरह सतर्क
जनपद चम्पावत से बहुत बड़ी खबर सामने आ रही हैं
क्रिसमस पर्व एवं आगामी नववर्ष के अवसर पर जनपद चम्पावत में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चम्पावत पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम, प्रभावी कानून कार्रवाई एवं यातायात सुरक्षा से जुड़ी पहलें लगातार संचालित की जा रही हैं।
क्रिसमस पर्व की पूर्व संध्या पर जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत होटल, ढाबा, धर्मशाला, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान होटल व ढाबों में ठहरे यात्रियों का सत्यापन, अभिलेखों की जांच तथा संचालकों को कानून का पालन करने एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
जन-जागरूकता के क्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी श्री शिवराज सिंह राणा द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगणों को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, हनी ट्रैप, ऑनलाइन ठगी, नशे के दुष्परिणाम, बाल श्रम, मानव तस्करी, महिला एवं बालक सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला सुरक्षा 1090, बाल सहायता 1098 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी भी दी गई।
कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए क्यूआरटी टीम द्वारा थाना टनकपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर उत्पात मचाने वाले तीन व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार एवं क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा के नेतृत्व में की गई।
यातायात सुरक्षा की दिशा में थाना तामली पुलिस टीम द्वारा कोहरे एवं रात्रि के समय दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, जिससे दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। यह पहल आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई।
वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा द्वारा कोतवाली टनकपुर में थाना बनबसा एवं कोतवाली टनकपुर के विवेचकों की आदेश कक्ष बैठक आयोजित कर पेंडिंग विवेचनाओं, लंबित प्रार्थना पत्रों, साइबर मामलों, सम्मन-वारंट एवं नोटिसों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पर्वों एवं नववर्ष के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।